अलगाववादियों के आह्वान पर बंद के दौरान प्रदर्शनकारी।
- फोटो : अमर उजाला
कश्मीर में बिगड़े हालातों के बीच अलगाववादियों के बंद के आह्वान पर बनिहाल कसबा समेत पूरी तहसील में शुक्रवार को बंद रहा। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जुमे की नमाज से पहले और बाद में रोष रैली निकाली और प्रदर्शन किया। बंद के दौरान किसी भी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
बंद के दौरान बनिहाल कसबा पूरी तरह बंद रहा। यहां की सभी दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। तहसील के सभी गांवों में बंद का असर देखा गया। बंद के दौरान तहसील के टिठान, नौगाम और डुली गांव के बड़ी संख्या में लोगों ने गांवों में ही प्रदर्शन किया। इसके बाद वह रोष रैली निकालते हुए बनिहाल कसबे में पहुंचे। यहां उन्होंने शहर के मुस्लिम समुदाय के अन्य लोगों के साथ नमाज अता की। इसके बाद फिर रैली निकालकर प्रदर्शन करने लगे।
प्रदर्शनकारियों ने बनिहाल कसबे के मुख्य बाजार में काफी देर तक प्रदर्शन किया। बनिहाल में उन्होंने हाईवे जाम करने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने विफल कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने इसके बाद टिठार क्षेत्र में भी हाईवे पर प्रदर्शन किया और यातायात जाम करने की कोशिश की।
हालांकि, बंद के दौरान हाईवे पर वाहन चलते रहे, लेकिन तहसील के ग्रामीण इलाकों के संपर्क मार्गों पर वाहनों की संख्या कम रही। बंद का सरकारी कार्यालयों पर कोई असर नहीं रहा। शैक्षणिक संस्थान भी खुले रहे, लेकिन विद्यार्थियों की उपस्थिति कम रही। बंद के चलते बनिहाल का बाजार पूरी तरह वीरान रहा। सिर्फ प्रदर्शनकारी ही सड़क पर दिखे।
किसी भी तरह की अनहोनी को रोकने के लिए पुलिस और सीआरपीएफ ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर रखे थे। नेशनल हाईवे पर सुरक्षा बल लगातार गश्त करते रहे। बनिहाल कसबे में भी बड़ी संख्या में सुरक्षा तैनात किया गया था।