उधमपुर। शहर के वार्ड नंबर 17 में ओमाड़ा मोड लिंक रोड से खरूनी, सीईओ ऑफिस दंदयाल के बीच सड़क बनाने के लिए बहुप्रतिक्षित योजना मंजूर हो गई है। खरूनी के पास 13 मीटर लंबा पुल 76 लाख से तैयार किया जाएगा और साथ ही तारकोल बिछाया जाएगा। 1.86 करोड़ की परियोजना के पूरा होने से ओमाड़ा मोड़, शंकर नगर, खरूनी, सीईओ कार्यालय क्षेत्र , दंदयाल और आसपास की लगभग दो हजार आबादी को लाभ मिलेगा।
अब तक लोगों सीईओ कार्यालय दंदयाल तक पहुंचने के लिए सैला तालाब मार्ग से लंबा चक्कर लगाना पड़ता था जिससे समय और दूरी दोनों बढ़ जाती थी। फिलहाल लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। लगभग पंद्रह दिन के भीतर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। परियोजना को चालू वित्तीय वर्ष से पहले पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। स्थानीय सोमराज, पीलू मोती पंडिता व अन्य ने कहा कि पुल की मांग काफी समय से की जा रही थी। पुल बनने से ओमाड़ा मोड़ लिंक रोड से वाया खरूनी, सीईओ ऑफिस दंदयाल के बीच सीधा सड़क संपर्क मिल जाएगा। इससे सैलां तालाब से घूमकर जाने की जरूरत नहीं होगी। करीब तीन किलोमीटर सफर कम हो जाएगा।
ओमाड़ा मोड लिंक रोड से वाया खरूनी, सीईओ ऑफिस दंदयाल के बीच सीधा सड़क संपर्क बनाने के लिए 1.86 करोड़ की परियोजना मंजूर की गई है जिस पर जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। यह लोगों की काफी पुरानी मांग थी इससे लोगों को काफी लाभ मिलेगा।
-
पवन कुमार गुप्ता, विधायक