उधमपुर। प्रदेश प्रशासन के बाद जहां कोरोना कर्फ्यू को 17 मई तक बढ़ा दिया है वहीं, जिला प्रशासन की ओर से भी सख्त हिदायतें जारी की गई हैं। इसमें अब आपात सेवाओं के अलावा बेवजह लोगों को आवागमन की अनुमति नहीं मिलेगी। दवा दुकानें रोजाना खुलेंगी लेकिन डेयरी, किराना और फल-सब्जी की दुकानों के लिए प्रशासन चर्चा के बाद आदेश जारी करेगा। उधर, वीकेंड कर्फ्यू का शहर में दिनभर असर दिखाई दिया। अकारण घरों से बाहर निकले लोगों पर सुरक्षा बलों की ओर से सख्ती की गई।
शनिवार शाम को डीसी इंदु कंवल चिब की ओर से एक ट्वीट जारी कर रविवार को कोरोना कर्फ्यू को सख्ती से लागू करने के आदेश दिए गए थे। इसके बाद रविवार को दिनभर पुलिस प्रशासन की ओर कोरोना कर्फ्यू का पाबंदियों को सख्ती से लागू किया गया। दवा दुकानों को छोड़कर अन्य सभी दुकानें बंद रहीं। डेयरी उत्पादों की दुकानें भी सुबह 10 बजे तक ही खुली रहीं।
दिनभर नगर की अधिकतर सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। केवल आपात सेवाओं व अत्याधिक जरूरी कार्यों के लिए निकले इक्का-दुक्का लोग ही नजर आए। इस बीच पुलिस और सिविल डिफेंस के सदस्यों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी गई। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस सहित सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रही। बिना कारण किसी को भी आवागमन नहीं करने दिया गया। पहले जहां सोमवार सुबह 7 बजे कोरोना कर्फ्यू की पाबंदियों को हटाने का आदेश जारी किया गया था। वहीं अब रविवार को प्रदेश प्रशासन की ओर से जारी नए आदेश में इसे 17 मई तक बढ़ा दिया गया है। इसमें आपात सेवाओं को छोड़कर किसी भी तरह के आवगमन की इजाजत लोगों को नहीं दी जाएगी। दवा दुकानें खुली रहेंगी। डेयरी, किराना और फल-सब्जी की दुकानों के प्रति जिला प्रशासन चर्चा के बाद आदेश जारी करेगा।