बड़े गड्ढों में तब्दील कच्ची सड़क
राहगीरों के लिए बढ़ती जा रहीं परेशानियां
यात्री वाहनों की आवाजाही न होने से लोगों को करना पड़ रहा पैदल सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। चिनैनी से एंचा और चसकू तक की सड़क पक्की नहीं हो सकी है। इस कच्ची सड़क की खस्ता हालत लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। वहां इस मार्ग से शिक्षकों, विद्यार्थियों समेत रोज हजारों लोगों की आवाजाही होती है। इसके बावजूद सड़क न सुधरने पर लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस सड़क के आसपास एक सौ से ज्यादा घर बने हैं। वहां रहने वालों को पैदल चलते हुए सामान सिर पर उठाकर घरों तक पहुंचाना पड़ता है। भारी सामान ढोने के लिए घोड़े, खच्चर मंगाने पड़ते हैं।
स्थानीय ग्रामीण अनवर हुसैन और रेवा देवी ने बताया कि यह मार्ग चिनैनी से एंचा, चसकू मार्ग संगोत और केंद्रीय विद्यालय तक जुड़ता है लेकिन इस मार्ग का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है।
यह कच्ची सड़क बरसात में दलदल का रूप धारण कर लेती है। तब इस मार्ग पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। इस कीचड़ में फिसलकर कई लोग घायल तक हो जाते हैं।
लोगों ने कहा कि सड़क को पक्का किया जाना चाहिए और इस मार्ग पर यात्री वाहनों का संचालन शुरू करना चाहिए ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो और लोग आसानी से अपनी मंजिल तक पहुंच सकें।