उधमपुर। जिले में लगातार दूसरे दिन वीरवार को भी कोरोना संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। देशभर में बढ़ते कोरोना के मामलों के बीच उधमपुर में हालात सामान्य नजर आ रहे है। इससे जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। जिले में मौजूदा समय में 12 मामले सक्रिय हैं।
उधमपुर जिले में कोरोना के मामलों में बहुत ज्यादा कमी देखी जा रही है। कई दिन ऐसे भी निकल रहे हैं, जब एक भी मामला सामने नहीं आ रहा है। मंगलवार को जिले में बाहरी राज्यों से लौटने पर तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे और तीन ही लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे थे। बुधवार को शाम तक एक भी संक्रमण का मामला सामने नहीं आया था और न ही कोई कोरोना को मात देने में कामयाब रहा था। अब वीरवार को लगातार दूसरे दिन भी कोरोना संक्रमण का कोई भी नया मामला सामने नहीं आया है। इससे स्वास्थ्य विभाग को राहत मिली है।
हालांकि बुधवार के बाद वीरवार को भी कोई महामारी को मात देने में कामयाब नहीं हो पाया है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 4335 है, जिनमें से 4266 लोग स्वस्थ हो चुकेे हैं। 57 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में मौजूदा समय में 12 मामले सक्रिय हैं। इनमें से छह होम आइसोलेशन, तीन फोर्स क्वारंटीन और तीन का उपचार अस्पताल में जारी है। 11 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है।