उधमपुर। जिले में रविवार को कोरोना संक्रमण का एक भी मामला सामने नहीं आया है। इससे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को राहत मिली है। इसके साथ कोई महामारी को मात देने में भी कामयाब नहीं हुआ है।
जिले में कभी मामलों में मामूली बढ़ोतरी हो रही है तो कभी कमी आ रही है। संक्रमित पाए जाने के बाद उनके संपर्क में रहने वाले लोगों को क्वारंटीन करने के साथ कोरोना टेस्ट करवाए जा रहे हैं। शनिवार को जिले में तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे, जबकि दो लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे।
रविवार को शाम तक एक भी संक्रमण का मामला सामने नहीं आया है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना के मामलों की कुल संख्या 4331 हो गई है। इनमें से 4263 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 57 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में अब 11 सक्रिय मामले बचे हैं। इनमें से सात लोगों को होम आइसोलेशन रखा गया है। तीन लोगों को फोर्स क्वारंटीन किया गया है और एक का जालंधर में उपचार चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने 55 लोगों को होम क्वारंटीन पर रखा है।