उधमपुर। शिक्षा विभाग की ओर से पंचायत चुनंनता में खोले गए लगभग सात स्कूलों में छह बिना चहारदीवारी के चल रहे हैं।
इनमें सरकारी गर्ल्स मिडिल स्कूल टबर भी शामिल है जो नाले से सटा हुआ है। हालांकि गांववासी कई बार विभाग से स्कूल की चहारदीवारी करने की मांग कर चुके हैं। लेकिन आज तक सिवाए आश्वासन के कुछ नहीं मिला।
जानकारी के मुताबिक 2011 में विभाग द्वारा स्कूल का निर्माण किया गया था। लेकिन हैरानी की बात तो यह है कि 14 साल बीत जाने के बाद भी आज तक स्कूल की चारदीवारी का निर्माण नहीं हो पाया। इस संदर्भ में गांव के ही समाज सेवक रतन लाल शर्मा का कहना था कि स्कूल में मौजूदा समय में लगभग 65 विद्यार्थी पढ़ते है। जिसमें लड़के व लड़कियां एक साथ पढ़ाई करते हैं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि स्कूल के साथ ही एक गहरा नाला पड़ता है। इस वजह से हमेशा अनहोनी होने का डर बना रहता है। इतना ही नहीं, चहारदीवारी न होने के कारण आवारा मवेशी स्कूल परिसर में दिन भर घूमते रहते हैं। उन्होंने कहा कि वह कई बार विभाग के उच्च अधिकारियों से स्कूल की चारदीवारी का निर्माण करवाने की गुहार लगा चुके हैं।
लेकिन विभाग की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया। इस स्कूल में लड़कियां पढ़ती हैं जिसके चलते स्कूल की चहारदीवारी होना बहुत जरूरी है। एक बार फिर से उन्होंने शिक्षा विभाग से स्कूल की चहारदीवारी करने की मांग की है।