संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। जिला मुख्यालय के वार्ड दो व छह से मात्र दो सौ मीटर की दूरी पर विजयपुर चौक से अगार बल्लियां जाने वाला सड़क मार्ग खस्ताहाल स्थिति में है। लगभग डेढ़ किलोमीटर सड़क मार्ग पर मिट्टी और रोड़ा वगैरह डाल दिया गया है लेकिन तारकोल नहीं डाले जाने के कारण इस पर चलने वाले वाहन हिचकोले खाकर चलते हैं।
अगार बल्लियां निवासी सुदेश कुमार,रवि शर्मा, करण देव सिंह ने बताया कि उक्त मार्ग गांव के अलावा जिला अस्पताल की तरफ भी आता है। यह नई सड़क एक संपर्क मार्ग के तौर पर काफी फायदेमंद हो सकती है। रियासी कस्बे के मुख्य बाजार, गड़ाल मोहल्ला,महादेव मोहल्ला व सीला की तरफ से अस्पताल आने वाले लोगों के लिए फायदेमंद है। इस मार्ग पर मौजूदा समय के दौरान ट्रैफिक भी ज्यादा नहीं है लोगों के घर भी कम है। पौनी की तरफ से अस्पताल आने वाले कर्मचारी इसी मार्ग का इस्तेमाल कर रहे है। लोगों ने कहा कि सड़क मार्ग पर तारकोल बिछा इस की हालत को ठीक किया जाना चाहिए ताकि लोग आरामदायक सफर बिना किसी परेशानी से कर सकें।
लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता भूपिंदर कुमार ने कहा कि सड़क मार्ग पर तारकोल बिछाने के काम को करवाने के लिए प्लान बना कर भेजा है। फंड्स के उपलब्ध होने के बाद टेंडर जारी होंगे इस वर्ष के अंत तक मार्ग पर तारकोल बिछाने का काम पूरा कर लिया जाएगा लोगों की परेशानी दूर होगी।