निर्जला एकादशी पर शहर के धार रोड पर छबील लगाकर राहगीरों को पानी पिलाते शहरवासी
निर्जल उपवास कर श्रद्धालुओं ने छबील लगाकर राहगीरों को पिलाया ठंडा-मीठा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। निर्जला एकादशी का त्योहार शुक्रवार को जिलेभर में धार्मिक श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं ने निर्जल रहकर उपवास किया और भगवान विष्णु का पूजन किया। कई जगह छबीलें लगाकर लोगों को ठंडा-मीठा पानी भी पिलाया और पकौड़ी, शीतल पेय, आलू, फलाहार का प्रसाद बांटा गया।
शहर के बाडेयां, सुभाषनगर, आदर्श कॉलोनी, सैला तालाब, धार रोड, रेलवे रोड, बस स्टैंड रोड, सलाथिया चौक आदि हिस्सों में छबीलें लगाई गई थीं। इन क्षेत्र में दिनभर लोग पानी पिला कर सेवा करते रहे। श्रद्धालुओं ने सर्वप्रथम मंदिरों में जाकर माथा टेका और इसके बाद छबीलें लगाने की तैयारी में जुट गए। मंदिरों में भी भीड़ रही। इस कारण शहर में वातावरण भक्तिमय बन गया था। पंडित शेखर शर्मा ने बताया कि इस दिन विधिपूर्वक जल कलश का दान करने वालों को पूरे साल की एकादशियों का फल मिलता है। इस प्रकार जो भक्त इस पवित्र एकादशी का व्रत करता है, वह समस्त पापों से मुक्त हो जाता है।