मजालता। मनवाल थलोरा में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब थलोरा स्कूल के पास झाड़ियों में नवजात बच्चा मिला। राहगीरों को बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद उन्होंने पास जाकर देखा तो झाड़ियों में नवजात को देख हैरान रह गए। देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई।
लोगों ने तुरंत बच्चे को उठाकर साफ किया और मजालता पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी अब्दुल सत्तार चौधरी के नेतृत्व में टीम पहुंची और बच्चे को तुरंत मजालता अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक चेकअप के बाद बच्चे को स्वस्थ पाया गया, जिसके बाद उसे उधमपुर स्थित बाल आश्रम भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि आखिर किस निर्दयी ने बच्चे को इस तरह झाड़ियों में फेंका। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर रोष है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।