किश्तवाड़। जिला प्रशासन ने मंगलवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया, जिसमें पीआरआई सदस्यों ने ऑनलाइन भाग लिया। मुख्य समारोह उपायुक्त एवं जिला चुनाव अधिकारी अशोक कुमार शर्मा की उपस्थिति में डीसी कार्यालय में हुआ।
कार्यक्रम का आरंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम के दौरान ऑनलाइन उपस्थित सभी अधिकारियों और पीआरआई को शपथ दिलाई। बाद में जिले भर के बीएलओ के अलावा बीडीसी अध्यक्ष, डीडीसी सदस्य, सरपंच, एईआरओ एवं तहसीलदार ऑनलाइन शामिल हुए। उपायुक्त ने इस वर्ष के एनवीडी चुनावों को समावेशी, सुलभ और सहभागी बनाना विषय पर प्रकाश डाला।
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों, बीएलओ को मतदाता सूची की समीक्षा करने, आवश्यक संस्करण बनाने और नए पात्र मतदाताओं का नामांकन करने पर जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने सभी बीएलओ को वोट की शक्ति के महत्व के बारे में मतदाताओं को जागरूक करने पर भी जोर दिया। इसी तरह के कार्यक्रम जिले भर में तहसील और बूथ स्तर पर भी आयोजित किए गए।
इस दौरान एडीडीसी शाम लाल, उपाध्यक्ष नगर परिषद संजीत कुमार कोतवाल, संयुक्त निदेशक योजना मोहम्मद इकबाल, एसीआर अख्तर हुसैन काजी, एसीपी जाकिर हुसैन वानी, डीएफओ मढ़वा विजय कुमार, तहसीलदार मुख्यालय चंद्र शेखर शर्मा, डीएसईओ अखिल सेन, ईएनटी सज्जाद अख्तर, आदि मौजूद रहे।
------
मतदान को सुलभ बनाना इस दिवस का उद्देश्य
युवा सेवा और खेल विभाग किश्तवाड़ ने कार्यालय में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया। जिला खेल अधिकारी खराती लाल शर्मा, इस अवसर पर उपस्थित थे। इस दौरान शारीरिक शिक्षक जावेद इकबाल ने प्रतिभागियों को जागरूक किया, कि मतदाता दिवस का विषय चुनावों को सुलभ, सहभागी, समावेशी बनाना है। दिवस मनाने की महत्वपूर्ण बात देश के नागरिकों के बीच जागरूकता को बढ़ावा देना और उन्हें मतदान के लिए प्रोत्साहित करना है। क्योंकि मतदान किसी कार्यशील लोकतंत्र के केंद्रीय स्तंभ के रूप में कार्य करता है। खेल अधिकारी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय मतदाता शपथ ग्रहण भी किया गया।
------
जिला पुलिस ने भी ली शपथ
राष्ट्रीय मतदाता दिवस देश में हर साल 25 जनवरी को मनाया जाने वाला एक महत्वपूर्ण दिन है। इस संबंध में डीपीएल में एसएसपी किश्तवाड़ शफकत हुसैन भट ने शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया। इसमें एएसपी राजिंदर सिंह, डीएसपी मुख्यालय सतीश कुमार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। इस बीच किश्तवाड़ पुलिस ने सभी अधीनस्थ इकाइयों में दिवस मनाया, जहां संबंधित पुलिस प्रमुखों ने समारोह की अध्यक्षता की।