रामबन जिले के दो अलग-अलग क्षेत्रों में दर्जनों गांवों के लोगों का गुस्सा बिजली विभाग के खिलाफ फूट पड़ा। अनियमित और लंबी बिजली कटौती से गुस्साए लोग नेशनल हाईवे पर उतर आए और यातायात ठप कर दिया। इस घटना की जानकारी मिलने पर एक जगह एसडीपीओ और दूसरी जगह थाना प्रभारी ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा देकर जाम खुलवाया।
रामसू सब डिवीजन के अंतर्गत पड़ने वाले दर्जनों गांवों के लोगों ने रिसीविंग स्टेशन के पास जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इसके कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजामार्ग पर यातायात एक घंटे तक बाधित हुआ।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रामसू, उखड़ाल, खरी, लड़खेती, नाचिलाना, शगन, मंडतबास आदि इलाकों में रहने वाले लोगों को बिजली विभाग नजरअंदाज कर रहा है। क्षेत्र में बिना किसी सूचना के अनियमित और लंबी बिजली कटौती की जाती है। बार-बार शिकायत के बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
यह भी आरोप लगाया कि विभाग के अधिकारी रिसीविंग स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान नदारद रहते हैं, जिसके चलते फ्यूज उड़ने जैसी छोटी समस्याओं को भी घंटों ठीक नहीं किया जाता है। धरना-प्रदर्शन की सूचना पर बनिहाल के एसडीपीओ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत किया।
उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को इस मामले से अवगत करवा कर व्यवस्था दुरुस्त करने को कहेंगे। इसके अलावा शाम करीब चार बजे रामसू के अंतर्गत पड़ने वाले मगरकोट इलाके के भी दर्जनों गांवों के लोग सड़क पर उतर कर हाईवे पर यातायात ठप कर दिया।
उसके बाद रामसू के थाना प्रभारी मो. अमीन मौके पर पहुंच कर आश्वासन दिया कि विभाग के अधिकारी से बात कर समस्या का समाधान करवाया जाएगा। यहां आधा घंटा तक दोनों ओर से यातायात ठप रहा। इन समस्याओं पर पीडीडी का कोई भी इंजीनियर बात करने को तैयार नहीं हुआ।