चिनैनी। चिनैनी कस्बे के मुख्य चौक पर पिछले कुछ दिनों से नाला बंद होने से जहां स्थानीय दुकानदार परेशान हैं, वहीं राहगीर भी उसकी बदबू से मुंह नाक को बंद कर गुजर रहे हैं।
दुकानदारों ने कहा कि पिछले कई दिनों से नाला बंद है, जिसे जल्द खोला जाए ताकि इसकी बदबू से छुटकारा मिल सके। स्थानीय दुकानदार व पूर्व व्यापार मंडल प्रधान जगदीश चंद्र, रामेश्वर गुप्ता और शिवम गुप्ता ने कहा कि मेन चौक पर नाला बंद होने से उनकी मुश्किल बढ़ गई हैं। नाला बंद होने के कारण उसका गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे दुकानें भी गंदगी से पट गई हैं। गंदे पानी की छींटे गाड़ी के टायर से दुकानों के अंदर तक आ रहे हैं। इससे दुकानदारों की दिक्क्तें और बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि कस्बे का मुख्य चौक और इस चौक पर हर समय गाड़ियों की आवाजाही व लोगों का आना जाना जारी रहता है। इसकी बदबू दूर दूर तक फैल रही है, जिससे आसपास के दुकानदार भी परेशान हैं। उन्होंने नगरपालिका से मांग की है कि इस नाले का हल निकाला जाए और गंदगी से पटे नाले की पूरी तरह से सफाई की जाए। वहीं नगरपालिका के ईओ नितिन गुप्ता ने कहा कि बंद नाले को पिछले कुछ दिनों से खोलने का प्रयास किया गया लेकिन नाला नहीं खुला। अब स्लैब तोड़कर ही इसकी अच्छी तरह से सफाई की जाएगी। मुख्य बस स्टैंड पर गाड़ियों की आवाजाही का कुछ हल निकालने के बाद नाले की सफाई संभव है।