हड़ताल समाप्त होने के बाद पहुंची नप की टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होने के बाद शनिवार को नगर परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर कूड़ा उठाया।
नगर परिषद के प्रभारी सीईओ राजिंद्र डिंगरा ने बताया कि हाल ही में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हुई है।
इसकी वजह से जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर को जगह-जगह से उठवाया जा रहा है। लगभग 70 से 80 प्रतिशत गंदगी को हटा दिया गया है। सफाई व्यवस्था को सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष राहुल मगोत्रा ने बताया कि गली-मोहल्लाें में जमा गंदगी को उठाकर शहर के मुख्य गोल मार्केट पर डंप किया जा रहा है।
इससे बाजार में आने वाले लोगों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर लोगों का वहां से गुजरना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने बाजार में गंदगी को डंप नहीं करने की अपील की है।