संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। नगर परिषद शहर में बढ़ रहे अतिक्रमण पर शहर में अभियान चलाकर आए दिन कार्रवाई करती है लेकिन शहर के चौक-चौराहों में बाहरी राज्यों से आए लोगों और स्थानीय लोगों की ओर से लगाई गई रेहड़ियों पर कार्रवाई न करने से चौराहों पर जाम की स्थिति पैदा हो रही है।
इससे आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, इनमें से कई रेहड़ी संचालकों के पास तो लाइसेंस तक नहीं है लेकिन नगर परिषद इस ओर ध्यान नहीं दे रही। लोगों का कहना है कि नगर परिषद को चाहिए कि जो संचालक आइसक्रीम, छोले-कुल्चे, गोल-गप्पे या जूस आदि की रेहड़ियां लगाकर बैठे हैं, उनके पास इन चीजों को बेचने का लाइसेंस है या नहीं, इसकी जांच की जानी चाहिए।
स्थानीय निवासी संजय शर्मा, विकास कुमार, संजीव कुमार, रिहान अहमद, राकेश कुमार, रवि कुमार सहित अन्य लोगों का कहना है कि खाने-पीने की रेहड़ियों पर नगर परिषद की ओर से कोई जांच नहीं की जाती है। संबंधित विभाग भी इन लोगों के लाइसेंस की जांच नहीं करता है। नगर परिषद बिना लाइसेंस वाले रेहड़ी व फड़ी लगाने वालों के खिलाफ तो कार्रवाई करती है लेकिन चौक-चौराहों व डीसी दफ्तर के बाहर शाम के समय लगने वाली रेहड़ियों पर चुप्पी साधे हुए है।
कोट....
विभाग शहर में बिना लाइसेंस रेहड़ी लगाने की किसी को भी इजाजत नहीं देगा। जल्द ही एफएसएसआई विभाग के साथ मिलकर खाद्य पदार्थ बेचने वाली रेहड़ियों के सामान व लाइसेंस की जांच की जाएगी। जिनके पास दोनों लाइसेंस नहीं होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-विशाल सडोत्रा, सीईओ, नगर परिषद