- 31 मार्च 2025 तक परियोजना पूरी करने का लक्ष्य, अब तक केवल 40 प्रतिशत काम हुआ पूरा
उधमपुर। शहर में वाहनों की पार्किंग की समस्या का समाधान लाने के लिए मिनी स्टेडियम के पास बनाई जा रही मल्टी-स्टोरी पार्किंग का काम धीमी गति से चल रहा है। 31 मार्च 2025 तक परियोजना पूरी करने का लक्ष्य तय किया गया था, लेकिन अब तक सिर्फ 40 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है।
17 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस तीन मंजिला इमारत में ग्रांउड और पहली मंजिल पर 100 वाहनों की पार्किंग होगी, दूसरी मंजिल पर दुकानें और तीसरी मंजिल पर नगर परिषद का कार्यालय बनाया जाएगा। साथ ही शहर में लगने वाली 150 रेहड़ियों को फ्रूट मार्केट में समायोजित करने की योजना भी है।
परियोजना की धीमी प्रगति को देखते हुए 60 प्रतिशत बचा हुआ काम तय समय सीमा में पूरा करना मुश्किल लग रहा है। ऐसे में शहरवासियों को पार्किंग सुविधा के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। इस पार्किंग के बनने से न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी, बल्कि बाजारों में सुगम आवागम का रास्ता भी साफ होगा। फिलहाल परियोजना पर अब तक 4.60 लाख के काम को ही पूरा किया जा सका है।
वाहनों की आवाजाही ज्यादा, पार्किंग के लिए नहीं जगह
शहर में अब तक पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से लोग सड़क किनारे वाहन खड़ा कर देते हैं। इससे जाम लगने की समस्या आ रही है, जो लंबे समय से है। पहले शहर की जनसंख्या कम थी और वाहन भी सीमित ही थे। मगर एक दशक में वाहनों की संख्या में बढ़ोतरी के कारण जाम की समस्या भी विकराल हुई है।
26 अक्टूबर 2024 को शुरू हुआ था काम
मई 2021 में 17 करोड़ रुपये की लागत से पुराने नगर परिषद कार्यालय के स्थान पर वाहन पार्किंग के लिए मल्टी-स्टोरी इमारत के निर्माण को मंजूरी दी गई थी। 26 अक्टूबर 2024 को इसका काम शुरू किया गया था और 31 मार्च 2025 को इस काम को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इमारत का ढांचा पूरी तरह से तैयार हो चुका है। शेष बचा काम तेज गति से पूरा किया जा रहा है। परियोजना पर काम शुरू होने के समय कुछ देरी के कारण इसके पूरा होने में एक दो महीने का अधिक समय लग सकता है। उम्मीद है कि नए वित्त वर्ष के शुरुआती महीनों में इस परियोजना पर काम पूरा कर लिया जाएगा।
-
राजेंद्र ढींगरा, सीईओ नगर परिषद