संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य बनाने के लिए राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (जीजीएचएसएस) की सौ से अधिक छात्राओं ने कमर कस ली है। मंगलवार से स्कूल परिसर में मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का गहन अभ्यास शुरू होने जा रहा है। स्कूल प्रशासन को उम्मीद है कि हर साल की तरह इस बार भी छात्राएं अपने प्रदर्शन से जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन करेंगी।
स्कूल के प्रधानाचार्य पवन सलाथिया ने बताया कि इस वर्ष स्कूल की ओर से मार्च पास्ट के लिए तीन टुकड़ियों (दलों) का चयन किया गया है। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत एक विशेष स्किट (लघु नाटिका) तैयार की जा रही है। इसका मुख्य विषय सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति रखा गया है। लगभग 5 से 6 मिनट की इस प्रस्तुति के जरिए छात्राओं द्वारा समाज को एक सशक्त संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान स्कूल सांस्कृतिक गतिविधियों में पहले भी दो से तीन बार प्रथम स्थान हासिल कर चुका है। इस बार भी 100 से अधिक छात्राएं ग्रुप डांस और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता फैलाएंगी। सांस्कृतिक समिति के प्रमुख शिक्षक सुभाष के नेतृत्व में रिहर्सल की जा रही है।