विधायक बलवंत मनकोटिया ने की जलशक्ति विभाग अधिकारियों के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। चिनैनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने शुक्रवार को जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने खासतौर पर चिनैनी में पेश आ रही पानी की किल्लत को दूर करने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की। इसको लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि भीषण गर्मी में खासकर ग्रामीण इलाकों में पानी को लेकर समस्या नजर आ रही है। इसलिए आज बैठक कर सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पेयजल सप्लाई को हर हाल में सुचारु रखने के लिए सतर्क होकर काम करें। हमारा उद्देश्य हर क्षेत्र में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना है ताकि गर्मी के दिनों में किसी भी क्षेत्र में लोगों को पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि यह भी पता लगाया जा रहा है कि जिन इलाकों में गर्मी के कारण प्राकृतिक जलाशयों का पानी कम हो गया है वहां लोगों को पानी उपलब्ध कराने के लिए टैंकरों का बंदोबस्त रखा जाए। विभागीय टैंकरों के साथ कुछ निजी टैंकरों को भी इस काम में लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चिनैनी और आसपास के इलाकों में पेश आ रही पानी की समस्या को जल्द हल किया जाएगा।