उधमपुर। अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए मिड डे मिल व अन्य विभागों के कर्मी।
- स्वास्थ्य केंद्रों में काम करने वाले एनआरएचएम कर्मियों ने दो घंटे की काम छोड़ हड़ताल रखी
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शिक्षा विभाग में कार्यरत मिड-डे मील कुक कर्मियों की यूनियन ने शहीद भगत सिंह पार्क में जम्मू-कश्मीर ऑल डेलीवेजर संघर्ष समिति के बैनर तले शनिवार को अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। वहीं, जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में काम करे रहे एनआरएचएम कर्मियों ने दो घंटे की काम छोड़ हड़ताल रखी।
प्रदर्शन में कुक के अलावा विभिन्न विभागों में काम कर रहे डेलीवेजर शामिल हुए। संघर्ष समिति के राज्य प्रधान सन्नी कांत चिब बताया कि उन्होंने पहले ही सरकार को 31 मार्च तक का समय दिया था कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो सभी डेलीवेजर अपने-अपने विभागों में काम छोड़कर हड़ताल पर जाएंगे और हड़ताल तब तक खत्म नहीं होगी, जब तक मांगें पूरी नहीं होती। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि जल्द उनकी मांगों को पूरा किया जाए। इन मांगों में अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करना, न्यूनतम वेतनमान एक्ट को लागू करना, जिन लोगों द्वारा स्कूल बनाने के लिए जमीनें दी है उन्हें मुआवजा या नौकरी देना, सेवानिवृत्ति नीति बनाना आदि शामिल हैं।
प्रधान का कहना था कि अब वे लोग सरकार के झूठे आश्वासनों में आने वाले नहीं हैं। जितने भी विभाग समिति के साथ जुड़े हैं, वे सभी लोग 31 मार्च के बाद जम्मू प्रेस क्लब के बाहर बैठेंगे और काम छोड़ हड़ताल करेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा में जब विधायक वेतन बढ़ाने की बात करते हैं तो सरकार चुप्पी साध लेती है। जब तक डेलीवेजरों की मांगें नहीं मानी जातीं, वे विधायकों का वेतन भी बढ़ने नहीं देंगे।
उन्होंने कहा कि हर साल महंगाई बढ़ती जा रही है। लेकिन सरकार की ओर से अस्थायी कर्मचारियों के बारे में कुछ भी सोचा नहीं जा रहा है।