- जिला विकास आयुक्त कार्यालय में सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहर के साथ लगते बट्टल बालियां गांव का एक शिष्टमंडल वीरवार को डीसी कार्यालय पहुंचा। जहां उन्होंने जिला विकास आयुक्त के नाम एक ज्ञापन देकर मांग की कि बट्टल बालियां में बिरमा और द़ुद्धर नदी के संगम स्थल पर मछलियों के मरने के कारणों का जल्द से जल्द पता लगाया जाए। नदी के पानी के इस्तेमाल पर रोक लगाई जाए।
शिष्ट-मंडल की अगुवाई कर रहे रिटायर्ड कर्नल सोमराज ने बताया कि नदी में मछलियों व अन्य जलचर जीवों के मरने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि नदी के पानी में कोई जहरीला पदार्थ अथवा कैमिकल मिक्स होकर बह रहा है जिससे निर्दोष जीव मारे जा रहें हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की चिंता कारण यह है कि इसी पानी को अप-लिफ्ट कर बट्टल बालियां और आसपास के करीब आधा दर्जन गांवों में सप्लाई किया जाता है। इसके अलावा ग्रामीणों के जानवर भी इसी पानी को पीते हैं। इससे गांव में महामारी फैलने का डर पैदा हो गया है। इसलिए उनकी मांग है कि जल्द से जल्द नदी में मछलियों के मरने के कारणों की जांच की जाए और तब तक नदी के पानी को अपलिफ्ट कर लोगों के घरों में सप्लाई करने पर लगाई जाए। साथ ही इस दौरान ग्रामीणों के लिए पानी के प्रबंध के लिए वैकाल्पिक उपाय किए जाएं।
वहीं इस मांग को लेकर शिष्टमंडल की तरफ से एसीआर उधमपुर को डीसी के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसके जबाव में उक्त अधिकारी ने ग्रामीणों को जरूरी कार्रवाई का आश्वासन दिया।