चिनैनी। चिनैनी तहसील मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर जुगधार में शुक्रवार को एक दिवसीय वार्षिक मेले का आयोजन धूमधाम के साथ किया गया। मेले में दस हजार से अधिक लोगों ने बाबा जुगदेव स्थल पर पहुंचकर माथा टेका और पूर्णाहुति भी डाली। मेले की पूर्व संध्या पर ही मेला स्थल पर सैकड़ों लोग पहुंच चुके थे, लेकिन शुक्रवार की अलसुबह मेला स्थल पर बाबा जुग के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था। सुबह करीब नौ बजे तक श्रद्धालुओं की संख्या करीब दो हजार थी लेकिन जैसे जैसे दिन चढ़ता गया मेला स्थल पर रौनक बढ़ती चली गई।
मेला स्थल पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। स्थानीय लोगों की तरफ से लंगरों का आयोजन भी किया गया था। स्टालों पर भी लोग खरीदारी कर रहे थे।
कलाकारों ने पेश किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
जुगधार मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। कलाकारों ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। भजन कीर्तन के साथ साथ अन्य कई लोक गीत पेश कर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
सरकारी उपेक्षा का शिकार जुगधार
जुगधार की अनदेखी के कारण यह स्थल आज भी सैलानियों की नजरों से दूर है। स्थानीय लोगों के मुताबिक इस स्थल पर सर्दियों में भारी हिमपात होता है जो सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बन सकता है और गर्मियों में ठंडी हवा हर किसी का मन मोह सकती है लेकिन अभी तक सड़क सुविधा न होने से विशाल स्पाट मैदान वीरान पड़े हैं, जो सैलानियों के इंतजार में हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को इस स्थल पर विशेष ध्यान देकर पर्यटन स्थल के रूप में उबारना चाहिए ताकि सैलानी ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंच सकें।