उधमपुर: डीसी उधमपुर ने इंडस्ट्री एरिया का दौरा कर सुनी समस्याएं.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। औद्योगिक क्षेत्र में प्रतिदिन बढ़ रही परेशानी के बारे में जानकारी लेने के लिए शनिवार को उपायुक्त इंदु कंवल चिब ने उद्योगपतियों के साथ बैठक की। उन्होंने समस्याएं सुनने के बाद समाधान के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
डीसी ने औद्योगिक क्षेत्र पहुंच चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रधान शाम स्वरूप कल्सोत्रा और औद्योगिक क्षेत्र के जनरल मैनेजर के साथ बैठक की। उद्योगपतियों ने बताया कि क्षेत्र में सबसे बड़ी परेशानी पानी है। आज तक उनको जरूरत अनुसार पानी नहीं मिल पाया है। इससे कई काम प्रभावित होते हैं। कई बार सचिवालय और सरकार के प्रतिनिधियों को भी जानकारी दे चुके हैं, लेकिन किसी ने इसको लेकर कुछ नहीं किया। कुछ वर्ष पहले पानी की किल्लत को दूर करने के लिए एक परियोजना को मंजूरी मिली थी, लेकिन आज तक उस पर काम शुरू नहीं हो सका है।
डीसी ने कहा कि पानी की किल्लत दूर करने का प्रशासन पूरा प्रयास करेगा। पानी की किल्लत बार बार सामने आ रही है। वहीं, जमीनी विवाद होने के कारण प्रोजेक्ट का काम शुरू नहीं हो पा रहा है। इसको लेकर प्रयास किए जाएंगे। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र तक पहुंचने वाला मार्ग भी बहुत खराब है। इसके कारण भी काम प्रभावित होता होगा। इसको ठीक करने के भी प्रयास किए जाएंगे। वहीं, क्षेत्र में बिजली की भी परेशानी है। प्रशासन अपनी तरफ से सभी परेशानियों को दूर करने का पूरा प्रयास करेगा।