जम्मू में स्पोर्ट्स काउंसिल सेक्रेटरी के समक्ष खिलाड़ियों की समस्याओं को रखते तरुण चौहान
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। टेबल टेनिस एसोसिएशन के एक शिष्टमंडल ने जिला महासचिव तरुण चौहान की अध्यक्षता में जम्म कश्मीर खेल परिषद के सचिव नुजहत गुल से जम्मू में मुलाकात की। जहां उन्होंने खिलाड़ियों की समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन भी सौंपा।
शिष्टमंडल के सदस्यों ने कहा कि पिछले दिनों केंद्र सरकार व जम्मू कश्मीर खेल परिषद ने उधमपुर के रामनगर में खेलो इंडिया के तहत टेबल टेनिस का प्रशिक्षण केंद्र प्रदान किया था। जबकि, इस केंद्र की अधिक आवश्यकता उधमपुर के सुभाष स्टेडियम में थी। उधमपुर के इंडोर हॉल में रोजाना 70-80 खिलाड़ी खेलते हैं, जबकि रामनगर में 10-15 खिलाड़ी खेलते हैं।
महासचिव ने कहा कि उधमपुर के खिलाड़ी हर साल राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं। इसके बावजूद उनको प्रशिक्षक नहीं दिया गया है। प्रशिक्षण केंद्र दोनों जगहों पर चलाया जाना चाहिए, ताकि खिलाड़ियों को इसका लाभ मिल सके। खेल परिषद की सुस्त कार्यप्रणाली का नुकसान खिलाड़ियों को उठाना पड़ रहा है। जिसको लेकर उपराज्यपाल से भी मुलाकात की थी। लेकिन, अब तक इसका कोई समाधान नहीं निकाला है।
उन्होंने कहा कि इसको लेकर आने वाले दिनों में प्रदर्शन करने पर मजबूर हो जाएंगे। हालांकि, शिष्टमंडल को खेल परिषद के सचिव से संतोषजनक उत्तर नहीं मिला इसलिए, उन्होंने उपराज्यपाल से अनुरोध किया कि जल्द इस केंद्र को उधमपुर के सुभाष स्टेडियम में स्थानांतरित किया जाए। इस अवसर पर अनीश उप्पल भी उपस्थित रहे।