उपराज्यपाल से मुलाकात करते पूर्व विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। प्रदेश व जिले की विभिन्न समस्याओं को लेकर उधमपुर के पूर्व विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से राज भवन जम्मू में मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने सामाजिक, राजनीति, बेरोजगारी के मुद्दों को विशेष रूप से शामिल किया।
उन्होंने उपराज्यपाल के सामने कश्मीर में अल्पसंख्यकों को सुरक्षा देने की जरूरत पर जोर दिया। साथ ही जम्मू के हवाईअड्डे को अंतरराष्ट्रीय दर्जा देने की बात कही। उन्होंने बढ़ती बेरोजगारी पर चिंता जताते हुए एलजी से अपील की कि बेरोजगार छात्रों के लिए फास्टट्रैक रिक्रूटमेंट पॉलिसी लाई जाए। इसके अलावा उन्होंने बिरमा पुल व थाती पुल पर नए निर्माण कार्य करने की भी मांग की।
पूर्व विधायक ने कहा कि प्रदेश में चतुर्थ श्रेणी की भर्तियां हुई थीं। डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी उनको नियुक्त नहीं मिली है। वहीं, उन्होंने कठुआ मेडिकल कॉलेज की तर्ज पर उधमपुर में भी जिला अस्पताल के अंदर मेडिकल कॉलेज चालू करने की बात कही। इसके अलावा उन्होंने अस्थायी कर्मियों को पक्का करने, धार रोड को चौड़ा करना, ड्रग्स, ट्रैफिक जाम, मल्टीपल पार्किंग, उधमपुर में पानी व बिजली की किल्लत तथा स्टेडियम से संबंधित मुद्दों को लेकर एलजी को ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर उधमपुर टेबल टेनिस एसोसिएशन के महासचिव तरुण चौहान भी मौजूद रहे। उन्होंने उपराज्यपाल को टेबल टेनिस के खेलो इंडिया कोचिंग सेंटर को स्थानांतरित करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। उपराज्यपाल ने सभी मांगों को सुनने के बाद आश्वस्त किया कि वह जल्द इनको पूरा करने के लिए कदम उठाएंगे।