कटड़ा। डीसी बबीला रकवाल ने शनिवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों व नगर पालिका के पार्षदों के साथ बैठक की। इसमें आदेश दिए गए कि नवरात्रों से पहले कस्बे की बेहतर सफाई हो। सभी प्रवेश मार्गों पर बिजली-पानी की बेहतर सुविधा हो, ताकि चैत्र नवरात्रों में देश भर से माता के दर्शनों को आने वाले यात्रियों को कोई परेशानी न उठानी पड़े।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने चैत्र नवरात्रों के उपलक्ष्य में किए जाने वाले कार्यों को लेकर अपनी रणनीति बताई। वहीं, नपा अध्यक्ष विमल इंदु और उपाध्यक्ष अजय बड़ू ने कहा कि इन नवरात्रों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से बेहतर की जाएगी, ओर धर्मनगरी को भव्य रूप से सजाया जाएगा व सभी प्रमुख जगहों पर विशाल स्वागत द्वार बनाए जाएंगे ताकि चैत्र नवरात्रों में माता के दर्शनों को आने वाले भक्तों को भक्ति पूर्ण वातावरण का एहसास हो। बैठक में एडीडीसी ज्योति सलाथिया, एडीसी अब्दुल सत्तार, एसीआर संजय बड्याल, सीईओ केडीए व नपा प्रीति शर्मा, एसडीएम कटड़ा अंग्रेज सिंह, तहसीलदार जितेंद्र सिंह, पार्षद रवि नाग, बिंदु शर्मा, रेनू बाला के अलावा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।