उधमपुर। मजदूर दस्तकार यूनियन की तरफ से मई दिवस पर वीरवार को शहर में विशाल रैली निकाली जाएगी। इस अवसर पर गुरु रविदास मंदिर में विशेष कार्यक्रम होगा। इसमें शिकागो के शहीदों को श्रद्धांजलि भेंट की जाएगी।
मंगलवार को पत्रकार वार्ता में यूनियन के जिला प्रधान दर्शन कुमार मिस्त्री ने सभी श्रमिकों से अपील की कि मई दिवस पर कामकाज बंद रखें और शिकागो के शहीदों की याद में आयोजित कार्यक्रम में भाग लें। गुरु रविदास मंदिर में दोपहर दो बजे भंडारा भी लगाया जाएगा। कार्यक्रम में सहायक श्रम आयुक्त, जिला उपायुक्त और विधायक को भी आमंत्रित किया गया है। इनके समक्ष श्रमिकों की समस्याओं को रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होगा। गुरु रविदास मंदिर से रैली निकाली जाएगी, जो टाउन हाल से होते हुए गोल मार्केट चौक पहुंचेगी। इसके बाद रैली वापस मंदिर परिसर में पहुंचकर संपन्न होगी। इस दौरान संभागीय अध्यक्ष लखविंदर सिंह भी मुख्य रूप से उपस्थित थे।