रामनगर। बलांध क्षेत्र में पड़ते स्लो पुल पर रास्ता देने को लेकर हुए विवाद में मेटाडोर और ऑटो चालक के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों वाहनों के चालक गंभीर घायल हो गए। घायलों को उप जिला अस्पताल रामनगर में भर्ती कराया गया। पूछताछ में दोनों ने एक-दूसरे पर हमला करने के आरोप लगाए। थाने में दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज करवाया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार शाम स्लो पुल पर रास्ता देने के मामले को लेकर मेटाडोर चालक और ऑटो चालक के बीच विवाद हो गया। ऑटो चालक रवि कुमार पुत्र सूरम चंद ने कहा कि वह बलांध की तरफ जा रहा था। जैसे ही पुल पर पहुंचा तो वहां एक अन्य ऑटो चालक को टक्कर मारने के बाद रास्ते में मेटाडोर लगाकर खडे़ चालक से उसने रास्ता रोकने का कारण पूछा। इस पर वह गुस्से में आ गया और मेटोडोर के अंदर से रॉड निकालकर सिर पर वार कर दिया। रवि कुमार का कहना है कि उक्त मेटोडार चालक पहले भी कई बार उसे धमकाता रहा है। पहले भी मामला दर्ज करवाया गया है।
वहीं मेटोडोर चालक रवि कुमार पुत्र ताराचंद ने कहा कि बलांध से रामनगर की तरफ आते हुए जब वह स्लो पुल पर पहुंचा तो वहां ऑटो (जेके 14जी 3266) चालक बीच रास्ते में ऑटो लगाकर खड़ा था। बात ही कर रहा था कि इतने में उसने दूसरे ऑटो (जेके 14जी 4280) चालक को बुला लिया, जिसने पत्थर से मेटोडोर का शीशा तोड़ दिया। एक पत्थर सिर में लगा। किसी तरह जान बचाकर वहां से भागा।