मजालता। जसाल से प्लेतर गांव तक सड़क एक साल से खराब। संवाद
सड़क पर गड्ढों में भरा कीचड़, आए दिन हो रही दुर्घटनाएं
स्कूल और कॉलेज जाने के लिए बसों की व्यवस्था भी नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
मजालता। पंचायत जसाल से प्लेतर गांव तक सड़क एक साल से खराब पड़ी है, जिससे गांववासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर गड्ढे हो गए हैं जिनमें बारिश के मौसम में कीचड़ भर जाता है। इससे न केवल ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी होती है, बल्कि दुर्घटनाएं भी होती हैं जिसमें लोग घायल हो जाते हैं।
गांव के बच्चों को स्कूल और कॉलेज जाने के लिए बसों की व्यवस्था नहीं है जिससे उन्हें पैदल चलना पड़ता है जो उनकी सुरक्षा के लिए खतरनाक हो सकता है। बारिश के दिनों में तो स्थिति और भी खराब हो जाती है जिससे बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते।
लोगों ने समस्या का समाधान करने के लिए सरकार को जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत करने की मांग की है और गांव के लिए बसों की व्यवस्था करने की भी मांग की गई। इससे ग्रामीणों को होने वाली परेशानी से निजात मिल सकेगी। खासकर छात्रों को सुरक्षित तरीके से स्कूल और कॉलेज जाने में मदद मिलेगी।
कोट
गांव में खराब सड़क और परिवहन कि सुविधा न होने के कारण स्कूल पैदल चलकर जाना पड़ता है और जब बारिश होती हैं तो स्कूल जाना और भी मुश्किल हो जाता है।
- छात्र रातिश शर्मा
सड़क की खराब स्थिति के कारण कई बार दुर्घटनाएं हो जाती हैं और बारिश के कारण गड्ढे भी नहीं दिखाई देते। कई लोग हादसे का शिकार होते रहते हैं। ऐसे में समस्या के समाधान के लिए कोई उचित कदम उठाने चाहिए।
- अनिल शर्मा