इस वर्ष 28वीं बार पहले नवरात्रे को अखंड ज्योति कमेटी द्वारा भव्य समारोह का आयोजन कर माता पिंगला देवी की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इससे समारोह स्थल सहित पूरे कसबे को लाल-पीले झंडों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है।
समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। उसके बाद हवन यज्ञ हुआ, जिसमें पवित्र अग्नि में आहुतियां डाली गई। ग्यारह बजे पूर्ण आहुति के बाद स्वामी सतीशानंद भारती जी आत्मज्ञाणी सरस्वती, थाना प्रभारी दीपक पठानिया तथा आल इंडिया जंडियाल सभा के प्रधान राजीव जंडियाल ने वैदिक मंत्रों के साथ ज्योति प्रज्ज्वलित की। मां के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। उल्लेखनीय है कि अखंड ज्योति कमेटी द्वारा इस बार 28वीं वार पिंगला माता की यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। पहली बार 24 सितंबर 1987 को कमेटी के संस्थापक स्व. ओपी जंडियाल ने शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए यात्रा का आयोजन किया था।
तब से हर वर्ष शारदीय नवरात्र में पिंगला माता की यात्रा का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर कमेटी के संयोजक विनय जंडियाल ने कहा कि नवरात्रा महोत्सव में लोगों को गौरक्षा के बारे में जागरूक किया जाएगा। उनका कहना था कि कमेटी ने यात्रियों की सुविधा के लिए माता के भवन में पूरे नवरात्र में लंगर की व्यवस्था की है। सतीश नंद महाराज ने कहा कि गौरक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।