किश्तवाड़। जिले के खाजागाम क्षेत्र से लोई धार गांव की ओर जाने वाली सड़क की हालत काफी खराब है। आरएंडबी विभाग की ओर से आठ साल पहले सड़क का निर्माण किया गया था, जिसके बाद किसी ने भी इसकी सुध नहीं ली है। न तो आजतक तारकोल बिछाई गई है और न ही डंगे लगाए गए हैं।
अनदेखी के कारण सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे पडे हैं, जिससे राहगीरों सहित वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ हर है। वहीं, हर समय हादसों का अंदेशा बना रहता है। वाहन चालक अश्विनी ने बताया कि कच्चे रोड पर गाड़ी चलाने में मुश्किल हो रही है। इसके अलावा वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। चालक चुनी लाल ने बताया कि ब्लैक टॉपिंग होने से लोगों को सुविधा मिलनी थी। इसके अलावा हादसों की संभावा भी कम होनी थी। देवेंद्र सिंह ने बताया कि 2012 में सड़क बनने के बाद किसी ने भी सुध नहीं ली है। इसका खामियाजा ग्रामीण भुगत रहे हैं। रोशन लाल ने कहा कि लोई धार निवासियों को आज भी सड़क की उचित सुविधा का इंतजार है। छात्रू उपमंडल के अधिकारियों ने एक माह पहले क्षेत्र का दौरा कर जल्द सड़क की हालत सुधारने का आश्वासन दिया था, लेकिन आजतक कुछ नहीं हो पाया है। वहीं, लोगों को अभी तक जमीन का मुआवजा नहीं मिला है।