किश्तवाड़। पकलडूल पन बिजली परियोजना के भूमि प्रभावितों ने डंगडीरू दच्छन में जय प्रकाश लिमिटेड कंपनी के खिलाफ रोजगार की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया।
जनकपुर दच्चन पंचायत के सरपंच आसिफ हुसैन ने कहा कि कि ढाई वर्ष से लगातार डंगडीरू के भूमि प्रभावित रोजगार की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी अनदेखी की जा रही है। उनसे जो वादा किया था उसके अनुसार काम नहीं हो रहा है। अधिकतर लोगों को मुआवजा नहीं मिला है। भूमि प्रभावितों का कहना है कि न ही भूमि रही और न ही रोजगार दिया जा रहा है। बताया कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन उचित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इस कारण लोगों में रोष व्याप्त है। उन्होंने चेतावनी दी है कि स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं दिया गया तो काम नहीं करने दिया जाएगा।