उधमपुर। जल शक्ति पीएचई कर्मचारी एवं श्रमिक संघ के कार्यकारी निकाय की एक बैठक शनिवार को हुई।
जिला अध्यक्ष एवं जम्मू प्रांत के वरिष्ठ ट्रेड यूनियन नेता सोम नाथ ने बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि दैनिक वेतन भोगी नीति पर सरकार की उदासीनता के कारण डेलीवेजर निराश हैं। सरकार इनके मुद्दों के लिए समिति बनाती है, लेकिन लंबित वेतन, न्यूनतम मजदूरी अधिनियम के लिए उक्त समिति की कोई भूमिका नहीं है। सरकार लंबे समय से दैनिक वेतन भोगियों को बेवकूफ बना रही है।
कार्यकारी अभियंता से लेकर मुख्य अभियंता तक जल शक्ति विभाग के उच्च अधिकारी कर्मचारियों की कमी पर चर्चा नहीं कर रहे हैं। वे कर्मचारियों की कमी के लिए अपनी आवाज उठाने से डरते हैं। जलापूर्ति के सुचारू संचालन के लिए कर्मचारियों की आवश्यकता है लेकिन यहां कर्मचारियों की पहले से ही भारी कमी है।