उधमपुर। चिनैनी के अंतर्गत पंचायत मानतलाई के लोगों ने बुनियादी सुविधाओं को लेकर मंगलवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय (केवी) को शुरू करने, अस्पताल में स्टाफ की कमी दूर करने और स्कूल को अन्य स्थान पर शिफ्ट न करने की मांग उठाई।
लोगों ने सुरजीत सिंह ठाकुर के नेतृत्व में विभिन्न मांगों को लेकर विरोध जताया। उनका कहना है कि केंद्रीय विद्यालय के लिए चार बार जगह दिखाई जा चुकी है लेकिन अब तक चयन नहीं किया गया है। अस्पताल में पर्याप्त स्टाफ की भारी कमी है, जिस कारण स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। स्कूलों में भी शिक्षकों की संख्या पूरी नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन को और तेज करने पर मजबूर हो जाएंगे। संवाद