चिनैनी। चिनैनी ब्लॉक के अंतर्गत 54 पंचायतों में कोविड केयर सेंटर स्थापित किए हैं। वहां पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से दवाइयां तो पहुंचा दी गई हैं, लेकिन ऑक्सीजन सिंलिडर की व्यवस्था नहीं है। इस कारण पंचायत जनप्रतिनिधियों ने एहतियातन मरीज को प्राथमिक उपचार के लिए ऑक्सीजन सिलिंडर महुैया करवाने की मांग की है।
पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि दवाइयों सहित थर्मामीटर, ऑक्सीमीटर, ग्लूकोमीटर, सैनिटाइजर और मास्क आदि स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुहैया करवाए गए हैं। लेकिन ऑक्सीजन सिलिंडर होना भी जरूरी है। क्योंकि मरीज को दिक्कत होने पर उसका प्राथमिक उपचार ऑक्सीजन से ही संभव है। चिनैनी ब्लाक के कई इलाके दूरदराज हैं, जहां से अस्पताल कोसों दूर है। यदि मरीज की हालत खराब है तो उसे कोविड केयर सेंटर या कोविड अस्पताल पहुुंचनेे के लिए ऑक्सीजन की भी जरूरत होगी। इसलिए हर सेंटर में ऑक्सीजन सिलिंडर की व्यवस्था करने की मांग की है।
ब्लॉक की 25 पंचायत में कोविड केयर सेंटर बनाए गए हैं। दवाइयां व अन्य सामान कुछ स्थानों पर पहुंच गया है। यह प्रक्रिया जारी है। जो कमेटियां बनाई गई हैं उन्हें रोजाना समयानुसार कोविड केयर सेंटर भेजा जाए, ताकि लोगों को जानकारी मिल सके। क्योंकि कई लोग इससे अनजान हैं और संक्रमित पाए जाने पर लोगों का इलाज उन सेंटर में हो सके।
- प्रकाश चंद, बीडीसी चेयरमैन
छह बिस्तर का कोविड केयर सेंटर बनाया गया है, जिसकी देखरेख के लिए कमेटी का गठन किया है। दवाइयां यहां पहुंच गई हैं। अभी तक कोई मामला पंचायत मेें नहीं आया है। कोविड केयर सेंटर में ऑक्सीजन सिलिंडर की कमी है, जिसे जल्द पूरा होने की उम्मीद है। पंचायत प्रतिनिधि कोविड एसओपी के बारे में लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
- सुदेश चंद्र, सरपंच, सराड़ पंचायत
पंचायत घर में पांच बिस्तर का कोविड केयर सेंटर बनाया गया है। अभी तक सेंटर में कोई मरीज नहीं है, लेकिन ऑक्सीजन सिलिंडर की काफी जरूरत है। पानी की किल्लत है, जिसे जल्द हल करना चाहिए। दवाइयां पहंच गई हैं। बश्ट में आधा दर्जन संक्रमण के मामले मिले हैं। ऐसे में होम आइसोलेशन के लिए कुछ स्थानों पर जगह नहीं होने के कारण उन्हें यहा लाया जा सकता है। इसलिए यहां पर पूरी सुविधाएं महुैया करवानी चाहिए।
- सुरेंद्र सिंह, सरपंच, बश्ट पंचायत
मिडिल स्कूल मास्ती में पांच बिस्तर का कोविड केयर सेंटर बनाया गया है। इसके लिए आंगनबाड़ी वर्कर्स, आशा वर्कर्स व स्वास्थ्य कर्मी के अलावा पांच सदस्यीय सैनिटेशन कमेटी बनी है। अभी तक सेंटर में कोई मरीज नहीं है। दवाइयां पहुंच गई है। मरीज आने पर तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया जाएगा।
- पवन कुमार, सरपंच, नगुलता बी पंचायत
ब्लॉक के अंतर्गत 54 पंचायतों में कोविड केयर सेंटर बनाए गए है। इनमें आशा वर्कस, इंचार्ज स्वास्थ्य कर्मी और पंचायत सैनिटेशन कमेटी शामिल है। केंद्रों में दवाइयां, थर्मामीटर, ऑक्सीमीटर, ग्लूकोमीटर, सैनिटाइजर और मास्क भेज दिए है। केंद्रों में यदि मरीज को ज्यादा परेशानी आती है तो 80 बेड के केवी स्कूल व अन्य स्थान में बनाए गए केंद्र में भेजा जाएगा। वहां डाक्टर तैनात हैं। ज्यादा परेशानी आने पर चिनैनी कोविड अस्पताल लाया जाता है। पंचायतों के कोविड केयर सेंटर में ऑक्सीजन की जरूरत पड़ने पर जल्द सुविधा दी जाएगी।
- डॉक्टर देव राज, बीएमओ, चिनैनी