किश्तवाड़। सरकारी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में 37वीं जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप के सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। शीर्ष टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पहले सेमीफाइनल में केआईसी स्पाइकर्स ने रूमान क्लब को सीधे सेटों में 2-0 से हराकर जीत हासिल की।
स्कोर 25-16 और 25-20 रहा। दूसरे सेमीफाइनल में द्रबशाला स्पाइकर्स ने स्पाइकर्स किश्तवाड़ के खिलाफ कड़े मुकाबले में 2-1 से जीत दर्ज की। केआईसी (सीनियर टीम) और द्रबशाला स्पाइकर्स ने चैंपियनशिप के फाइनल में जगह पक्की कर ली। भारी बारिश के कारण फाइनल मैच पूरा नहीं हो सका जो अब बुधवार को होगा।
बैडमिंटन चैंपियनशिप में दिखाई प्रतिभा
उधमपुर। मिनी स्टेडियम के इंडोर हाल में डे ऑफ शूटर संस्था ने नशामुक्त अभियान के तहत बैडमिंटन चैंपियनशिप करवाई। कार्यक्रम का उद्घाटन एसएसपी अमोद अशोक नागपुरे ने किया। खिलाड़ियों ने मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन कर खेल कौशल दिखाया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों की ओर प्रोत्साहित करना रहा। एसएसपी ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा भरते हैं और उन्हें सही दिशा दिखाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों में काफी उत्साह देखने को मिला।