संवाद न्यूज एजेंसी
किश्तवाड़। सामाजिक कल्याण विभाग ने केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन कार्यरत भारतीय कृत्रिम अंग निगम (एलिम्को) के सहयोग से शुक्रवार को बीडीओ कार्यालय पाडर में दिव्यांगजन सहायता योजना और राष्ट्रीय वायुश्री योजना के अंतर्गत वितरण शिविर का आयोजन किया।
इस दौरान उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा, डॉ. अमित कुमार, उपमंडल मजिस्ट्रेट पाडर, जिला समाज कल्याण अधिकारी जुबैर अहमद और तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता मौजूद रहे। शिविर में चिन्हित 67 लाभार्थियों को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें कृत्रिम सहायक उपकरण (वयस्क एवं छोटे आकार की व्हीलचेयर), सीपी चेयर, श्रवण यंत्र, एमएसआईईडी किट, स्मार्ट केन, डेजी प्लेयर, ब्रेल किट, बैसाखी, वॉकिंग स्टिक, रोलर कैलिपर, कृत्रिम अंग, घुटने के ब्रेसेस, लंबो सैक्रल बेल्ट, सिलिकॉन फोम कुशन, दृष्टिबाधित व्यक्तियों के लिए स्मार्ट फोन आदि शामिल हैं।