किश्तवाड़। जिले में पिछले तीन सप्ताह से शहर व आसपास के गांवों में जल संकट गहराया हुआ है। मूलभूत व जरूरी वस्तुओं की किल्लत के चलते वीरवार को स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और विभाग अधिकारियों सहित जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
लोगों ने चेताया कि अगले दो दिन के भीतर अगर कस्बे में व आसपास के गांवों में पानी की आपूर्ति नहीं की गई तो प्रदर्शन को तेज किया जाएगा। गौरतलब है कि तीन सप्ताह से जल आपूर्ति प्रभावित है जिसे अब तक ठीक नहीं किया गया। हालांकि विभाग की ओर से काम जारी है। स्थानीय निवासियों में जल शक्ति विभाग के प्रति गहरा रोष व्याप्त है। वीरवार दोपहर के समय लगभग एक घंटे चक कुलीद चौक के पास कुलीद व वस्सर गांव के लोगों और कई भाजपा नेताओं ने नारेबाजी की।
विज्ञापन
इस दौरान वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई। जाम की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाया और आश्वस्त किया कि इस संबंध में संबंधित विभाग जल्द कार्यवाही करेगा।
लोगों ने कहा कि दो दिन के भीतर अगर पानी नहीं मिला तो और अधिक संख्या में वे जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल देंगे। उधर भाजपा नेता राज कुमार बडियाल, रंणजीत परिहार सहित कुलदीप शान आदि ने भी कहा कि इतने दिनों से जलापूर्ति बहाल नहीं होना शर्म की बात है।