किश्तवाड़। जिले में शुक्रवार दिनभर मौसम का मिजाज बदला रहा। खराब मौसम और संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने किश्तवाड़-अनंतनाग मार्ग को एहतियातन बंद कर दिया है। यह मार्ग हाल ही में दो दिन के लिए सिंथन तक खोला गया था लेकिन बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए फिर से बंद करने का निर्णय लिया गया।
पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहा जिससे क्षेत्र में फिर ठंड का प्रकोप बढ़ गया। ठंडी हवाओं के कारण लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। बाजारों में सामान्य दिनों के मुकाबले कम रौनक रही। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया है ताकि दुर्घटना से बचा जा सके।