उधमपुर। पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हुए जंगलगली क्षेत्र के एक व्यक्ति को 24 घंटे में तलाश कर मामले को सुलझाने का दावा किया है। पूछताछ में उक्त व्यक्ति ने खुलासा किया है कि भाभी और उसके दो भाइयों को फंसाने के लिए खुद के अपहरण और हत्या की साजिश रची थी। इसके साथ ही वह बेटी की शादी के लिए लोगों से लिए डेढ़ लाख रुपये नहीं चुका पा रहा था, जिससे वह परेशान था। साजिश रच कर दोनों मामलों को निपटाना चाहता था।
पुलिस जानकारी के मुताबिक पुलिस स्टेशन टिकरी में जंगल गली निवासी पंजाबू नामक व्यक्ति ने बेटे के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। इस दौरान उसके कपड़े संपर्क मार्ग पर उसके घर के रास्ते के पास से मिले थे। इस पर कारवाई करने के लिए एसएसपी ने डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में एडीएसपी उधमपुर की निगरानी में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया था। एसएचओ रैंबल और पुलिस पोस्ट टिकरी के इंस्पेक्टर जसविंद्र सिंह की मदद से पुलिस टीम ने कई जगह दबिश देकर उक्त व्यक्ति की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने जहां से कपड़े मिले थे वहां पर फिर जा कर निरीक्षण किया, जिसमें उन्हें ऐसा कोई भी सुराग नहीं मिला जिससे साबित होता कि लापता को किसी अन्य से संघर्ष हुआ हो।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में लापता व्यक्ति के अपहरण और हत्या से इनकार कर दिया। फिर दूसरे एंगल से खोजबीन शुरू की और उसके नंबर को ट्रैक करना शुरू किया, जिसमें उसकी उपस्थिति खालदा, सुकल गली क्षेत्र (उधमपुर-रियासी सीमा) में मिली। इसके बाद बाद पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर लापता व्यक्ति को बरामद कर लिया।
पूछताछ में उसने बताया कि उसका भाभी व उसके भाईयों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। उन्होंने हाल ही में उस पर मामला दर्ज करवाया है। इसलिए उन्हें फंसाने के लिए अपहरण और हत्या की साजिश रची थी। इसके अलावा उसने बेटी की शादी के लिए स्थानीय लोगों से डेढ़ लाख रुपये उधार लिए थे, जिसे चुकाने में मुश्किल हो रही थी।