कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा में बुधवार को सुबह हल्की बारिश हुई। इससे मौसम सुहावना हो गया। बारिश में भी माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए यात्रा करते रहे। हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित रही। हिमकोटी मार्ग पर फिसलन होने से इस पर आवाजाही के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।
हेलिकॉप्टर सेवा बाधित होने से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं को प्राचीन मार्ग से ही भवन तक जाने की सलाह दी है। फिलहाल श्रद्धालु उसी मार्ग से दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। श्राइन बोर्ड और स्थानीय प्रशासन की ओर से बारिश के बाद साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को तुरंत सुचारु किया गया। कटड़ा से भवन तक के सभी पड़ाव पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार कि अगले 24 घंटों में क्षेत्र में हल्की बारिश की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की जानकारी लेते रहें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें। हेलिकॉप्टर सेवा की स्थिति के लिए संबंधित केंद्रों से जानकारी प्राप्त करें। मौजूदा समय में मां के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं की बात करें तो सप्ताहांत पर आसपास के राज्यों से श्रद्धालुओं के आने से संख्या बढ़ जाती है।