कटड़ा में शुक्रवार की सुबह बारिश में रेनकोट पहनकर मां के भवन की ओर प्रस्थान करते श्रद्धालु।
- हेलिकॉप्टर सेवा रही प्रभावित, रेनकोट आदि पहनकर भवन के लिए प्रस्थान कर रहे श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा में त्रिकुटा पर्वत पर वीरवार रात से लेकर शुक्रवार सुबह मूसलाधार बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। त्रिकुटा पर्वत पर गहरी धुंध छा जाने से दृश्यता बेहद कम हो गई। इस कारण हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित रही। वहीं, माता वैष्णो देवी की यात्रा जारी है।
बारिश और धुंध को देखते हुए अधिकांश श्रद्धालु बरसाती, रेनकोट पहनकर भवन की ओर पैदल यात्रा पर निकलते दिखाई दिए। कई श्रद्धालु घोड़े, पिट्ठू और पालकी का सहारा लेक भवन की ओर रवाना हुए। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से सुरक्षा के लिहाज से रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। शुक्रवार दोपहर बाद तक भवन की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्ग जिसमें प्राचीन मार्ग, हिमकोटि मार्ग और तारा कोट मार्ग खुले हुए थे। श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है।
हेलिकॉप्टर सेवा दिनभर ठप रही। बैटरी कार सेवा और रोपवे सेवा सामान्य रूप से संचालित हो रही है। बारिश के चलते यात्रा धीमी जरूर हुई है लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं है। मां के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालु भवन के लिए प्रस्थान कर रहे हैं। श्राइन बोर्ड और स्थानीय प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए सावधानीपूर्वक यात्रा करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।