हेलिकॉप्टर से भवन की ओर जाते श्रद्धालु। संवाद
- शुक्रवार शाम चार बजे तक लगभग 14,500 श्रद्धालु पंजीकरण करवा मां के दरबार के लिए कर चुके थे प्रस्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए शुक्रवार को कटड़ा से भवन की ओर यात्रा सामान्य रूप से जारी रही। सुबह मौसम साफ रहने पर चार घंटे तक श्रद्धालुओं को हेलिकॉप्टर सेवा की सुविधा उपलब्ध रही। दोपहर बाद त्रिकुटा पर्वत पर धुंध छा जाने के कारण हेलिकॉप्टर सेवा को रोकना पड़ा।
मौसम विभाग के मुताबिक पर्वतीय इलाकों में लगातार बदलते मौसम के चलते धुंध और बादलों की स्थिति बनी हुई है। शुक्रवार सुबह सात बजे से 11 बजे तक हेलिकॉप्टर से श्रद्धालु कटड़ा से सांझीछत तक पहुंचे और वहां से भवन की ओर रवाना हुए। हालांकि इसके बाद धुंध छा जाने के कारण हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित हो गईं। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई।
शुक्रवार शाम चार बजे तक करीब 14,500 श्रद्धालु अपना पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड से मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार को भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इस दिन लगभग 21,200 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी भरी।
जय माता दी के गगनभेदी जयकारों के साथ शुक्रवार को श्रद्धालु दरबार के लिए प्रस्थान करते रहे। पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्राइन बोर्ड प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी मार्गों पर पानी, स्वास्थ्य और भोजन की पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। वहीं सुरक्षा एजेंसियां भी पूरे मार्ग पर मुस्तैदी से तैनात रहीं ताकि यात्रा सुचारु रूप से चलती रहे।