कटड़ा में श्राइन बोर्ड कार्यालय के बाहर धरना देते हुए मजदूर। संवाद
कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा में मां वैष्णो देवी यात्रा बंद होने से रोजगार पर संकट झेल रहे घोड़ा, पिट्ठू और पालकी चलाने वाले मजदूरों ने यूनियन के नेता भूपेंद्र सिंह की अध्यक्षता में श्राइन बोर्ड कार्यालय के बाहर सोमवार को हल्ला बोल प्रदर्शन किया।
मजदूरों का कहना था कि कई दिनों से यात्रा बंद है जिसके कारण उनके सामने रोज़ी-रोटी का संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी भवन मार्ग पर इन मजदूरों से श्राइन बोर्ड द्वारा लाखों रुपए का टैक्स मार्ग पर वसूला जाता रहा है जबकि इस आपदा काल में उन्हें कोई राहत नहीं मिल रही। मजदूरों ने कहा कि हजारों की संख्या में परिवार सिर्फ यात्रा पर निर्भर हैं। यात्रा बंद होने के बाद उनके पास खाने-पीने तक के लिए पैसे नहीं बचे हैं। इस वजह से कई मजदूरों के घरों में चूल्हे तक नहीं जल पा रहे हैं। उन्होंने श्राइन बोर्ड से मांग की कि जब तक यात्रा पूरी तरह से शुरू नहीं होती तब तक मजदूर वर्ग को खाने-पीने का सामान, राशन और आवश्यक मदद उपलब्ध करवाई जाए।
धरने की सूचना मिलते ही एसडीएम पीयूष धोतरा और सीडीपीओ विषम दुबे ब थाना प्रभारी ख्यातिमान खजूरिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने मजदूरों को शांत करवाने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि जल्द ही जरूरतमंद मजदूरों को भी राशन और आवश्यक सामग्री मुहैया करवाई जाएगी। प्रशासन का कहना है कि मजदूरों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और स्थिति सामान्य होने तक हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मजदूरों ने नारेबाजी भी की और चेतावनी दी कि अगर जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो वे अपने परिवार बच्चों सहित आंदोलन को और तेज़ करेंगे। संवाद