कटड़ा। धर्मनगरी में 20 मार्च से शुरू होने वाली कटड़ा प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए मंगलवार को टीमों की जर्सी लांच कर दी गई है। प्रतियोगिता में 36 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार समूहों में बांटा गया है। यह जर्सी कटड़ा स्पोर्ट्स क्लब की ओर से जारी की गई है।
करीब डेढ़ माह तक चलने वाली प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंड़ीगढ़, दिल्ली, राजस्थान आदी राज्यों की 36 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक ग्रुप में नौ टीमें होंगी, जिनमें नाकआउट के आधार पर मैच होंगे। जर्सी लांच करते हुए एएसपी अमित बसीन ने कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रतिभाओं को मंच मिलता है।
प्रतियोगिता का आयोजन कटड़ा स्पोर्ट्स क्लब और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से किया जा रहा है। क्लब के चेयरमैन भारत भूषण सदोत्रा ने कहा कि उपराज्यपाल के सलाहकार फारूख खान प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मौजूद रहेंगे। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के लिए कटड़ा स्पोर्ट्स क्लब की ओर से रहने और खाने-पीने की व्यवस्था की गई है। इस मौके पर कटड़ा स्पोर्ट्स क्लब के प्रधान सूनील डोगरा, बलीराम राधा, बमरीश मगोत्रा, सोहन सिंह ठाकुर, अरुण शर्मा आदि मौजूद रहे।
विजेता को दो और उपविजेता को मिलेंगे एक लाख रुपये नकद
विजेता टीम को दो लाख और उपविजेता को एक लाख रुपये की नकद राशि से सम्मानित किया जाएगा। मैन ऑफ द सीरीज को 31 हजार और हर मैच के मैन ऑफ द मैच को 2100 रुपये मिलेंगे।
पुलिस बैंड के साथ चियरलीडर्स करेंगी मनोरंजन
20 मार्च से शुरू हो रही कटड़ा प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर पुलिस बैंड भी हिस्सा लेगा। इसके साथ ही चियरलीडर्स भी दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।