बिजली विभाग का कारनामा, मकान मालिक परेशान
कहा-बिना कनेक्शन के विभाग ने बढ़ा दी टेंशन
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर/पंचैरी। तहसील पंचैरी की पंचायत गलियोत के वार्ड तीन (चौर-चनौर) में बिजली विभाग की लापरवाही का नया मामला सामने आया है। इसमें बिना कनेक्शन वाले एक घर के मालिक को साढ़े आठ हजार रुपये बिल भेज दिया है। इससे मकान मालिक परेशान है। उसका कहना है कि विभाग की ओर से अभी सिर्फ खंभा ही लगाया गया है। लेकिन बिना कनेक्शन के इतना बिल भेज कर विभाग ने परेशानी में डाल दिया है। इसके बारे में कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
मकान मालिक चैन सिंह ने बताया कि उसके घर के बाहर केवल बिजली का खंभा लगाया गया है, लेकिन कनेक्शन अभी तक नहीं दिया गया है। कई बार वह बिजली कर्मियों से कनेक्शन देने और मीटर लगाने का आग्रह कर चुका हूं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। अब बिना कनेक्शन के 8729 रुपये बिल भेज दिया है। इससे परेशान होकर कई दिन से विभाग के कार्यालय के चक्कर काट रहा हूं। इसलिए उसकी मांग है कि उसे जल्द से जल्द बिजली का कनेक्शन लगाकर दिया जाए।
सौभाग्य योजना की शुरूआत के समय गांव में इस तरह की कुछ समस्या पेश आई थी, जिनका जांच के बाद निपटारा कर दिया था। चैन सिंह का भी मामला संज्ञान में आया है, जिसकी जांच की जाएगी।
- योगराज, जेई पंचैरी, पीडीडी