कटड़ा। धर्मनगरी में शनिवार शाम की हल्की फुहारों के बाद रविवार सुबह सुहावने मौसम के चलते मां वैष्णो देवी के दरबार में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। सप्ताहांत होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शनिवार लगभग 45,000 श्रद्धालुओं ने माथा टेका तो अब शाम पांच बजे तक ही करीब 27,000 श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।
पंजीकरण केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखी गईं। पूरा मार्ग जय माता दी के जयकारों से गुंजायमान रहा जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। बढ़ती भीड़ को देखते हुए श्राइन बोर्ड और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। यात्रा मार्ग पर बुजुर्गों, दिव्यांगों और बच्चों की सुविधा के लिए घोड़ा, पिट्ठू और पालकी की सेवाएं उपलब्ध रहीं।
यात्रा मार्ग के हर पड़ाव पर सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ-साथ चिकित्सा केंद्रों को अलर्ट पर रखा गया है। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, विश्राम स्थल और स्वच्छता का विशेष प्रबंधन किया गया है। शहर और आधार शिविर के आसपास यातायात को सुचारु रखने के लिए पुलिस तैनात है।
आगामी दिनों में और बढ़ सकती है भीड़
मौसम विभाग के पूर्वानुमान और वर्तमान स्थिति को देखते हुए आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और अधिक इजाफा होने की संभावना है व्यापारियों का कहना है कि साफ मौसम ने न केवल यात्रा को सरल बनाया है बल्कि श्रद्धालुओं के उत्साह को भी दोगुना कर दिया है। त्रिकुटा पर्वत पर दिख रही भारी भीड़ मां वैष्णो देवी के प्रति अटूट आस्था का जीवंत प्रमाण पेश कर रही है।