- वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ा, प्रशासन ने ककड़ियाल मार्ग होते हुए उधमपुर जाने की सलाह दी
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। कटड़ा-उधमपुर को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर झज्जर नाले के समीप रविवार दोपहर को एक बार फिर भूस्खलन हुआ। इससे सड़क मार्ग का बड़ा हिस्सा मलबे से भर गया। इस वजह से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। कई वाहन नाले के दोनों ओर फंस गए। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ा।
मार्ग बंद हो जाने से उधमपुर की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई गाड़ियां झज्जर नाले के दोनों ओर फंस गईं। यातायात को तुरंत रोक दिया गया। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा गया। प्रशासन ने यात्रियों को ककड़ियाल रोड के रास्ते उधमपुर जाने की सलाह दी है। इसके अलावा जम्मू के रास्ते भी उधमपुर जाने की अनुमति दी जा रही है ताकि कटड़ा से उधमपुर का सड़क संपर्क बन रहे।
मार्ग से मलबा हटाने का काम जल्द शुरू किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी की टीम जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू करेगी। हालांकि पहाड़ी क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण राहत कार्यों में दिक्कतें आ रही हैं। प्रशासन ने मार्ग पूरी तरह बहाल होने में कुछ समय लगने की आशंका जताई है। प्रशसन ने यात्रियों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम और मार्ग की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा पर निकलें। स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी सूचना के मुताबिक सड़क मार्ग बहाल होने तक झज्जर नाले के रास्ते यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि बरसात के मौसम में झज्जर नाले के पास यह तीसरा बड़ा भूस्खलन है। इससे पहले भी जुलाई में दो बार इसी स्थान पर मलबा गिरने से मार्ग प्रभावित हो चुका है। यह क्षेत्र लगातार भूस्खलन की चपेट में रहता है जिससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।