संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। भारी बारिश के कारण रेल सेवा भी ठप हो गई थी जिसे आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया है। स्थानीय यात्रियों के लिए राहत की खबर है कि जम्मू-उधमपुर-कटड़ा के बीच लोकल डीएमयू रेल सेवा सोमवार से बहाल कर दी गई। इसके अलावा कटड़ा से दिल्ली जाने वाली संपर्क क्रांति को भी रवाना किया गया।
रेलवे की ओर से जारी किए गए शेड्यूल के तहत एक सितंबर को जम्मू से सुबह 9:30 बजे, कटड़ा से दोपहर 3:30 बजे और शाम को जम्मू से छह बजे डीएमयू को चलाया गया। जबकि मंगलवार को कटड़ा से सुबह सात बजे, जम्मू से 9:30 बजे, फिर कटड़ा से दोपहर 3:30 बजे और फिर कटड़ा से शाम 6:30 बजे डीएमयू का समय निर्धारित किया गया है। यह सेवा 15 सितंबर तक निर्धारित समय के अनुसार जारी रहेगी। इससे कटड़ा में फंसे यात्रियों सहित उधमपुर, मनवाल और रोंदोमेल के लोगों को भी काफी लाभ मिलेगा।
खासकर उधमपुर से जम्मू के बीच कामकाज के लिए सफर करने वाले कर्मचारियों, दिहाड़ीदारों और शिक्षा हासिल करने वाले छात्रों के लिए भी यह राहत भरी खबर है। इसके अलावा सोमवार को कटड़ा से दिल्ली को जाने वाली संपर्क क्रांति रेलगाड़ी भी बहाल कर दी गई। इससे बाहरी राज्यों के आए यात्रियों को भी राहत पहुंची।
गौरतलब है कि तेज बारिश और भूस्खलन से क्षतिग्रस्त कटड़ा-उधमपुर रेल सेक्शन पर रेल सेवाओं को रोक दिया गया था। खासकर उधमपुर-चक्क रखवालां स्टेशन के बीच ट्रैक क्षतिग्रस्त हुआ था। पांच दिन की लगातार मशक्कत के बाद उसे बहाल कर दिया गया।
कटड़ा-जम्मू रेल ट्रैक को काफी हद तक ठीक हो गया : स्टेशन अधीक्षक
कटड़ा रेलवे स्टेशन अधीक्षक जुगल किशोर शर्मा ने बताया कि कटड़ा-जम्मू रेल ट्रैक को काफी हद तक ठीक कर दिया गया है। यात्रियों और लोगों की मुश्किलें कम हों, इसीलिए कटड़ा -जम्मू के बीच डीएमयू की सेवा शुरू की गई है जो आगामी 15 सितंबर तक जारी रहेगी। वही कटड़ा में प्रशासन की ओर से अनाउंसमेंट की जा रही है कि कटड़ा में रुके श्रद्धालु रोलवे स्टेशन से डीएमयू रेल का लाभ लेते हुए जम्मू की ओर रवाना हो सकते हैं।