संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। मां वैष्णो देवी यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को शनिवार को एक बार फिर मौसम की मार झेलनी पड़ी। सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई और दिनभर आसमान पर बादल छाए रहे। त्रिकुटा पर्वत पर लगातार धुंध रहने के कारण हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित रही। श्रद्धालुओं को पैदल ही भवन की ओर प्रस्थान करना पड़ा।
श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए यात्रा करते दिखाई दिए। वहीं बुजुर्ग और बच्चे घोड़ों, पालकी और पिट्ठुओं का सहारा लेकर भवन की ओर बढ़ते रहे। मौसम की वजह से हेलिकॉप्टर सेवा रुकने के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। सुबह से ही मौसम बिगड़ने की आशंका के चलते त्रिकुटा पर्वत की चोटियों पर धुंध छाई रही। हेलिकॉप्टर सांझी छत के लिए उड़ान नहीं भर पाया और दिन भर सेवाएं बंद रही।
कटड़ा से भवन तक पैदल मार्ग पर सुरक्षा व प्रबंधों को मजबूत किया गया है ताकि बढ़ती भीड़ के बीच श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। जानकारी के अनुसार शनिवार को हजारों की संख्या में श्रद्धालु माता रानी के दर्शन के लिए पहुंचे और दिनभर भवन की ओर जयकारों के बीच श्रद्धालुओं का कारवां आगे बढ़ता रहा।
शनिवार को शाम चार बजे तक लगभग 16,500 श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना हो चुके थे। बता दें शुक्रवार को 21,200 के करीब श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाने पहुंचे थे।