शाम सात बजे तक 35 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर भवन की ओर रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। धर्मनगरी में वीकेंड पर श्रद्धालुओं की संख्या में काफी बढ़ोतरी हो रही है। प्रचंड गर्मी के आम दिन भी 40 हजार के आसपास भक्त मां वैष्णो के दरबार में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। रविवार को शाम सात बजे तक करीब 35 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर भवन की और जयकारे लगाते हुए रवाना हो चुके हैं। दूसरी ओर मौसम साफ रहा है, जिस कारण हेलिकॉप्टर, बैटरी कार और रोपवे सेवा जारी है।
पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को 41410 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो के दरबार में हाजिरी लगाई थी। इसी प्रकार रविवार को भी पंजीकरण कक्ष के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिली हैं। रविवार को शाम छह बजे तक करीब 33219 श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। दिनभर धर्मनगरी में श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है। कटड़ा सहित यात्रा मार्ग और त्रिकुटा भवन मां वैष्णो के जयकारों से गूंज रहा है। लोकसभा चुनाव समाप्त होने और स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों के चलते यात्रा में रोजाना इजाफा हो रहा है। मौसम साफ रहने से बैटरी कार, हेलिकॉप्टर और रोपवे सुविधा सुचारु रही, जिसका भक्त खूब लाभ उठा रहे हैं। इसके अलावा भी श्रद्धालु पैदल, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी के माध्यम से जयकारे लगाते हुए भवन की ओर प्रस्थान कर रहे हैं।